JEE Main 2022 परीक्षा के लिए, इन्फॉर्मेशन बुलेटिन जारी कर दी गयी है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बताया कि इस बार JEE Main परीक्षार्थी अपने अनुसार परीक्षा केंद्र नहीं चुन सकते हैं। NTA के अनुसार, आवेदन पत्र पर दिए गए पते के आधार पर परीक्षा केंद्र आवंटित किये जायेंगे। आपको बता दें कि, कोरोना के कारण एनटीए ने छात्रों को पिछले दो सालों से परीक्षा केंद्र चुनने का विकल्प दिया था।
लेकिन अब परीक्षार्थियों के लिए आवेदन के दौरान आधार की जानकारी भी मांगी जा रही है। और साथ ही परीक्षा केंद्रों पर एडमिट कार्ड वाली फोटो की रियल टाइम क्रॉस चेकिंग की जाएगी। इस बार जेईई बीआर्क परीक्षा हाईब्रिड मोड में आयोजित की जाएगी। बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर पेपर में सीबीटी के अलावा पेन-पेपर मोड में भी परीक्षा देनी पड़ेगी। जिसमें गणित, एप्टीट्यूड परीक्षण आदि के कुल 82 प्रश्न पूछे जायेंगे।
साथ ही ए-4 साइज पेपर की ड्राइंगशीट पर पेन और पेपर मोड में कुछ सवाल हल करने होंगे। वहीं, बैचलर ऑफ प्लानिंग की परीक्षा सीबीटी आधारित होगी। इसमें गणित, एप्टीट्यूड व प्लानिंग विषयों पर आधारित कुल 105 प्रश्न पूछे जायेंगे। प्रत्येक पेपर में दो खंड होंगे। भाग ए में बहुविकल्पीय प्रश्न और भाग बी में ऐसे प्रश्न होंगे, जिनके उत्तरों को संख्यात्मक मूल्य के रूप में भरना है।
बता दें कि इस बार JEE Main 2022 दो बार आयोजित की जाएगी। पहले चरण की परीक्षा 16, 17, 18, 19, 20 और 21 अप्रैल और दूसरा चरण 24, 25, 26, 27, 28 और 29 मई को आयोजित होगा। इसके लिए आवेदन की परीक्षा जारी है। छात्र 31 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। जेईई मेन परीक्षा देश के 501 परीक्षा शहरों व विदेशों के 13 शहरों में कंडक्ट होगी।
