बॉलीवुड के दो सुपरस्टार जल्द ही एक साथ बड़े परदे पर धमाल मचाने के लिए आ रहे हैं। दरअसल, अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) और अभिनेता अजय देवगन (Ajay Devgn) की आगामी फिल्म ‘रनवे 34’ (Runway 34) का मोशन पोस्टर आज आउट हो गया है। इस फिल्म के पोस्टर में लिखा है, “सच्चाई जमीन से 35,500 फीट ऊपर छिपी हुई है।” यह फिल्म ईद के मौके पर 29 अप्रैल को रिलीज़ होगी।
स्टारकास्ट ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म के दो मोशन पोस्टर साझा किया है। मोशन पोस्टरों ने अभिनेताओं की भूमिकाओं की एक झलक देखने को मिल रही है। मोशन पोस्टर के बैकग्राउंड में बिग बी कहते हैं, “अगर, मगर, शायद, लेकिन। अपने 150 यात्रियों की सलामती मैंने इन 4 शब्दों पर छोड़ दी।”
एक अन्य मोशन पोस्टर में अजय देवगन और रकुल प्रीत नजर आ रहे हैं। इस पोस्टर में एक उड़ते हुए विमान से बिजली गिरती हुई दिखाई गई है। पीछे अजय देवगन वॉयसओवर में कहते हैं, “हर हादसे के दो पहलू होते हैं। क्या हुआ और कैसे हुआ? क्या और कैसे के बीच में जो दयरा है, सच वहीं छुपा हुआ है।”
यह फिल्म एक अपकमिंग ड्रामा मिस्ट्री फिल्म है, जो सच्ची घटनाओं पर आधारित है। इस फिल्म में रकुल प्रीत सिंह (Rakul Preet Singh), अंगिरा धर (Angira Dhar) और आकांक्षा सिंह (Aakanksha Singh) भी मुख्य भूमिका में हैं। इस पोस्टर में देवगन को पायलट के रूप में दिखाया गया है।
