हर तकलीफ से वाकिफ होकर जो चेहरे पर मुस्कान बिखेरे चलता है, उसे जज्बा कहते हैं। एक इंसान जो दिव्यांग है, ना हांथ है, ना पांव है। फिर भी उसके चेहरे पर भरपूर मुस्कान है। वो दिल्ली की सड़कों पर मॉडिफाइड रिक्शा चला रहा है। रिक्शे में हैंडल, एक्सीलेटर और ब्रेक भी है।
इसकी जानकारी शायद हमें भी ना होती, अगर सोशल मिडिया ना होता। सोशल मिडिया का बहुत बहुत धन्यवाद, जिसने ना सिर्फ हमतक बल्कि आनंद महिंद्रा तक इस विडियो को पहुंचा दिया। और महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने भी इसका वीडियो शेयर किया है। आनंद ने इस शख्स को लास्ट माइल डिलीवरी के लिए बिजनेस एसोसिएट का जॉब भी ऑफर किया है।
वीडियो में दिख रहा शख्स किसी के सवालों का हंसते हुए जवाब दे रहा है। उसने बताया कि उसकी मॉडिफाइड गाड़ी में स्कूटर का इंजन लगा है। सामने की तरफ बाइक की हेड लैम्प लगी है। हाथ नहीं होने के बाद भी वो गाड़ी के हैंडल को बड़ी आसानी से मोड़कर दिखा रहा है। एक्सीलेटर देकर और ब्रेक लगाकर भी दिखा रहा है। हैंडल के एक साइड में स्विच दिया है, जिसे दबाने पर गाड़ी स्टार्ट हो जाती है। बाद में वो इस गाड़ी को बिंदास अंदाज में चलाकर निकल जाता है।
आनंद महिंद्रा ने इस शख्स का वीडियो (Video) शेयर करते हुए लिखा कि आज मैं अपनी टाइमलाइन पर जो वीडियो शेयर कर रहा हूं, वो पता नहीं कितना पुराना है, या कहां का है, लेकिन मैं इस सज्जन को देखकर सच में हैरान हूं, जिसने न केवल अपनी अक्षमताओं से पार पाया है, बल्कि उसके पास जो कुछ है उससे काम कर रहा है। इसके बाद आनंद ने अपने सहयोगी राम और महिंद्रा लॉजिस्टिक्स को टैग करते हुए पूछा: “राम, क्या @Mahindralog_MLL उन्हें लास्ट माइल डिलीवरी (Delivery) के लिए बिजनेस एसोसिएट बना सकते हैं?” महिंद्रा लॉजिस्टिक्स ने 6 शहरों में इलेक्ट्रिक लास्ट-माइल डिलीवरी सर्विस शुरू की है।
