जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर को ‘UNESCO Creative Cities Network (UCCN)’ में शामिल किया गया है। श्रीनगर, 49 शहरों में से एक है। यूनेस्को की आर्ट एंड क्राफ्ट केटेगरी के लिए क्रिएटिव सिटी नेटवर्क में श्रीनगर को शामिल करने से अंतरराष्ट्रीय निकाय के माध्यम से वैश्विक स्तर पर अपने हस्तशिल्प का प्रतिनिधित्व करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने इस उपलब्धि पर जम्मू-कश्मीर के लोगों को बधाई दी। उन्होंने ट्वीटर पर ट्वीट करते हुए लिखा, “मुझे बहुत खुशी है कि सुंदर श्रीनगर अपने शिल्प और लोक कला के लिए विशेष उल्लेख के साथ यूनेस्को क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क (यूसीसीएन) में शामिल हो गया है। यह श्रीनगर के जीवंत सांस्कृतिक लोकाचार के लिए एक उपयुक्त मान्यता है। जम्मू-कश्मीर के लोगों को बधाई।”
90 देशों से ऐसे शहरों की संख्या अब 295 है। यहां संस्कृति और रचनात्मकता, हस्तशिल्प और लोक कलाओं, साहित्य, संगीत आदि में सतत शहरी विकास के लिए निवेश किया जाता है। UCCNमें शामिल होकर, शहर, सांस्कृतिक गतिविधियों, वस्तुओं और सेवाओं के निर्माण, उत्पादन, वितरण और प्रसार को मजबूत करने के लिए सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों के साथ-साथ नागरिक समाज को शामिल करते हुए अपनी सर्वोत्तम प्रथाओं और विकासशील भागीदारी को साझा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
