राजधानी पटना में पिछले कई दिनों से बीजेपी नेताओं का जमावड़ा हो रहा है। बीजेपी कार्यकर्ताओं से लेकर नेताओं तक सब बिहार की राजधानी पटना में सभी सात राष्ट्रीय मोर्चों की दो दिवसीय संयुक्त बैठक की तैयारी में जुटे हुए हैं। और आज वो दिन आ गया जिसकी तैयारियां पिछले कई दिनों से जोरों पर थी। शनिवार, 30 जुलाई से शुरू होने वाले इस सम्मेलन की शुरुआत बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। जिसकी तैयारियों की झलक पटना के छपे छपे पे देखी जा सकती है।
बीजेपी के सभी सात राष्ट्रीय मोर्चों की दो दिवसीय संयुक्त बैठक के पहले दिन यानि आज जेपी नड्डा पटना के सड़कों पर रोड शो करने वाले हैं। जिसके लिए बिहार बीजेपी ने इसकी जोर-शोर से तैयारियां की हैं। जेपी नड्डा विमान के जरिए पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से रोड शो करते हुए कार्यक्रमों में शामिल होंगे। बीजेपी की संयुक्त मोर्चा बैठक में शामिल होने के लिए देश भर से करीब बीजेपी के 750 नेता पहुंचे हैं।
ये नेता बीते दो दिनों से बिहार में डेरा डाले हुए हैं। राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करने के बाद ये अब पटना पहु्ंच गए हैं। बीजेपी की संयुक्त मोर्चा बैठक में शामिल होने के लिए बीजेपी के बड़े चेहरे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी रविवार, 31 जुलाई को पटना आएंगे। वे कार्य समिति के समापन सत्र को संबोधित करेंगे।
बता दें कि यह कार्यक्रम ज्ञान भवन में रखा गया है। बिहार बीजेपी के नेताओं ने नड्डा और शाह के भव्य स्वागत की तैयारी की है। एयरपोर्ट से लेकर ज्ञान भवन तक चच्पे-चप्पे पर होर्डिंग-बैनर और तोरणद्वार लगाए गए हैं। गाँधी मैदान स्थित ज्ञान भवन को भी दुल्हन की तरह सजा दिया गया है। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि देशभर के नेताओं की ऐतिहासिक मेजबानों की तैयारी पूरी कर ली गयी है।
