प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने एक नेक भाव में, दिल्ली में अपने आवास पर युवा लड़कियों के साथ रक्षाबंधन मनाया। दिलचस्प बात यह है कि पीएम मोदी को राखी बांधने वाली लड़कियां प्रधानमंत्री कार्यालय में काम करने वाले सफाई कर्मचारियों, चपरासी, माली, ड्राइवर और अन्य कर्मचारियों की बेटियां थीं।
पीएम मोदी ने बच्चियों के साथ रक्षाबंधन मनाने की फोटो भी शेयर की हैं। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “इन युवाओं के साथ एक बहुत ही खास रक्षाबंधन।” उन्होंने बच्चियों से बातचीत भी की और उन्हें आशीर्वाद दिया। पीएम का आशीर्वाद पाकर बच्चियों के चेहरे खिल उठे।
रक्षाबंधन (Raksha Bandhan) का त्योहार राष्ट्रपति भवन में भी मनाया गया है। कई संगठनों के लोगों, स्कूल के बच्चों ने आकर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) को राखी बांधी। राष्ट्रपति के ट्वीटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा गया, “विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ राष्ट्रपति भवन में रक्षा बंधन मनाया।
इस बीच, वृंदावन की विधवाओं ने रक्षा बंधन पर पीएम मोदी को 501 ‘राखी’ और 75 राष्ट्रीय ध्वज भेजे हैं। वृंदावन में मां शारदा और राधा टीला आश्रमों में रहने वाली विधवाओं ने खुद पीएम मोदी की रंगीन तस्वीरों से राखी बनाई।यह पहली बार नहीं है जब पीएम मोदी ने अपने दयालु भाव से हैरान किया है। दिसंबर 2021 में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी विश्वनाथ गलियारे के उद्घाटन के लिए उत्तर प्रदेश के वाराणसी का दौरा किया और ‘कर्मयोगियों’ के साथ स्टैंड पर बैठे और खुशी-खुशी उनके साथ तस्वीरें भी खिचवाईं।
