प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) आज से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर रहेंगे। वह 17 और 18 जून को गुजरात में 21,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। PMO की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वह वडोदरा में गुजरात गौरव अभियान (Gujarat Gaurav Abhiyan) में भाग लेंगे, जिसमें सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी भाग लेंगे।
कल वे पावागढ़ पहाड़ी पर श्री कालिका माता (Shree Kalika Mata) के पुनर्विकसित मंदिर का लोकार्पण करेंगे। यह क्षेत्र के सबसे पुराने मंदिरों में से एक है और बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों को आकर्षित करता है। इसके बाद वो विराट वन का दौरा भी करेंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना (Pradhan Mantri Awas Yojana) के तहत, प्रधानमंत्री द्वारा कुल 1.38 लाख घर समर्पित किए जाएंगे, जिसमें शहरी क्षेत्रों में लगभग 1,800 करोड़ रुपये के घर और ग्रामीण क्षेत्रों में 1,530 करोड़ रुपये से अधिक के घर शामिल हैं। इसके साथ ही 310 करोड़ रुपये से अधिक के करीब 3000 घरों का खत मुहूर्त भी किया जाएगा।
प्रधानमंत्री 16,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इनमें डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के 357 किलोमीटर लंबे न्यू पालनपुर-मदार सेक्शन; 166 किलोमीटर लंबे अहमदाबाद-बोटाड खंड का गेज कन्वर्जन; 81 किलोमीटर लंबे पालनपुर-मीठा खंड का विद्युतीकरण, आदि को राष्ट्र को समर्पित करना शामिल है। वह सूरत, उधना, सोमनाथ और साबरमती स्टेशनों के पुनर्विकास के साथ-साथ रेलवे क्षेत्र में अन्य पहलों की आधारशिला भी रखेंगे।
प्रधानमंत्री गुजरात के दभोई तालुका के कुंडेला गांव में गुजरात केंद्रीय विश्वविद्यालय (Gujarat Central University) की आधारशिला भी रखेंगे। वडोदरा शहर से लगभग 20 किमी दूर स्थित, इस विश्वविद्यालय का निर्माण लगभग 425 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा और यह 2500 से अधिक छात्रों की उच्च शिक्षा की जरूरतों को पूरा करेगा। प्रधानमंत्री ‘पोषण सुधा योजना’ (Poshan Sudha Yojana) के लिए लगभग 120 करोड़ रुपये का वितरण भी करेंगे, जिसे अब राज्य के सभी आदिवासी लाभार्थियों तक बढ़ाया जा रहा है।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार पर ध्यान केंद्रित करते हुए, वह ‘मुख्यमंत्री मातृशक्ति योजना’ (Mukhyamantri Matrushakti Yojana) शुरू करेंगे, जिसमें 800 करोड़ रुपये का परिव्यय होगा। योजना के तहत आंगनबाड़ी केन्द्रों से गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को हर माह 2 किलो चना, 1 किलो अरहर की दाल और 1 किलो खाद्य तेल निःशुल्क दिया जाएगा।
