क्रिप्टोकरेंसी (Cryptocurrency) वर्तमान समय का सबसे गर्म मुद्दा बनी हुई है। क्रिप्टो के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए अब मार्केट में क्रिप्टो क्रेडिट कार्ड भी लॉन्च हो गया है। क्रिप्टो लेंडर कंपनी नेक्सो (Nexo) ने दुनिया का पहला क्रिप्टो बैक्ड पेमेंट-कार्ड (Crypto Backed Payment Card) लॉन्च करने के लिए ग्लोबल पेमेंट कंपनी मास्टरकार्ड (Mastercard) के साथ हाथ मिलाया है।
यह क्रिप्टो क्रेडिट कार्ड आम क्रेडिट कार्ड की तरह ही काम करेगा लेकिन, इस कार्ड का पेमेंट आपको बिटकॉइन, इथीरियम जैसी क्रिप्टोकरेंसी से करनी होगी। इस कार्ड में ग्राहकों के लिए कई नए और शानदार फीचर्स दिए हैं। इस कार्ड से शॉपिंग करने पर ग्राहक को किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा। वहीं, एक लिमिट तक खर्च करने पर शून्य ब्याज शामिल है।
ये कार्ड दुनिया भर के उन 92 मिलियन मर्चेंट के यहां इस्तेमाल किए जा सकेंगे, जहां मास्टरकार्ड एक्सेप्ट होते हैं। इस कार्ड के लिए किसी न्यूनतम भुगतान, मासिक या निष्क्रियता शुल्क की आवश्यकता नहीं है। ये कार्ड नेक्सो प्रोवाइडेड क्रिप्टो बैक्ड क्रेडिट लाइन (Credit Line) से लिंक्ड होंगे। फिलहाल इस कार्ड को यूरोपियन देशों में ही लॉन्च किया जाएगा।
